
श्रीनगर (गढ़वाल), 04 फरवरी। भारत के द्वितीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम आगामी 21 फरवरी को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर (गढ़वाल) के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
सीडीएस जनरल अनिल चौहान के विश्वविद्यालय आगमन की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह बिष्ट, कुलसचिव अनीस उज जमान, वित्त अधिकारी प्रो. एन.एस. पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसांई, चीफ प्रोक्टर प्रो. दीपक कुमार, उपकुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय ध्यानी, अधिशासी अभियंता प्रो. बृजेश गांगिल, जन संपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा, सहायक कुलसचिव (प्रशासन) सूर्य प्रकाश बादल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, कार्यक्रम संचालन एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु आयोजन हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर आवश्यक जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान का यह दौरा छात्रों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा तथा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं नेतृत्व से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा।



