
दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई भागों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। जबकि दिल्ली के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। दिल्ली के आया नगर में सबसे ज्यादा 42.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिन में आसमान साफ रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 17-18 मई को राजस्थान में भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, स्काई मेट के अनुसार, दिल्ली में इस सप्ताह के अंत में तापमान 44 डिग्री के आस-पास पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र एंव कच्छ में अगले 24 घंटे के दौरान लू (हीटवेव) चलने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर 19 मई तक तपती गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।