
चंबा (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। चुराह उपमंडल के साउया पथरी में एक स्विफ्ट कार (नंबर HP 44 4246) पर पहाड़ से अचानक एक विशाल चट्टान गिर पड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, दो पुरुष और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।
चलती कार पर बरसी मौत
घटना गुरुवार रात करीब 9:20 बजे हुई, जब कार भजराडू से श्रीगर गांव की ओर जा रही थी। रास्ते में साउया पथरी के पास पहाड़ से अचानक गिरी बड़ी चट्टान सीधे कार के ऊपर आ गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन सभी यात्री तब तक दम तोड़ चुके थे।
इलाके में मातम, जांच के निर्देश
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी रास्तों पर लगातार भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की गई है।