
अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की और विवि की संरचना एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उधर विश्वविद्यालय की ओर से डा. नंदन सिंह बिष्ट अहमदाबाद में उद्यमिता विकास पर आयोजित फैकल्टी प्रोग्राम में हिस्सा लेकर लौट आए हैं। इसके बाद उन्होंने कहा है कि एसएसजे विश्वविद्यालय में जल्द उद्यमिता विकास के क्रियाकलाप चलेंगे।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने देहरादून जाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की भौतिक संरचना व शैक्षणिक व्यवस्थाओं से सीएम को अवगत कराया एवं विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय में प्रारंभ किए गए शैक्षणिक व प्रशासनिक सुधारों के बारे में भी बताया।इस पर मुख्यमंत्री ने कुलपति को शोध कार्यों को बढ़ावा, पुस्तकालय के बेहतर रखरखाव, प्रयोगशालाओं में सुधार और छात्र कल्याण से संबंधित सभी गतिविधियों में सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रो. बिष्ट ने मुख्यमंत्री के अत्यंत सकारात्मक दृष्टिकोण व सहयोगात्मक पहल के लिए विश्वविद्यालय परिवार की ओर से आभार जताया।