
मणिपुर में दो संघर्षरत समुदाय के सशस्त्र सदस्यों के बीच फिर से गोलीबारी हुई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब कुछ सशस्त्र व्यक्तियों ने शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे पड़ोसी कांगपोकपी जिले में पर्वतीय क्षेत्रों से इंफाल पूर्व जिले के थामनापोकपी और लामलाई इलाकों की ओर गोलियां चलानी शुरू कीं। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह जिरीबाम-कछार अंतरराज्यीय सीमा की सुरक्षा स्थिति पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ चर्चा करने के लिए गुवाहाटी में हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीण स्वयंसेवकों ने जवाबी गोलीबारी की। इलाके में स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सुरक्षा बलों को भेजा गया गया है। अधिकारी ने बताया कि एक घंटे बाद गोलीबारी थम गयी और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच पिछले साल मई से जारी जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।