
लोकसभा चुनाव 2024 की डेट ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है वही सभी दल अपने-अपने तरीकों से चुनाव प्रचार के अभियान में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज रविवार को विपक्षी दलों के I.N.D.I.A अलायंस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें विपक्षी दलों के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। विपक्षी गठबंधन ने इस रैली को ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ नाम दिया है।विपक्ष की लोकतंत्र बचाओ रैली को कांग्रेस के पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
पहले माना जा रहा था कि रामलीला मैदान में ये रैली प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आयोजित रैली के रूप में पेश की जा सकती है। हालांकि, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह कोई व्यक्ति विशेष की रैली नहीं है। इसीलिए इसे लोकतंत्र बचाओ रैली कहा जा रहा है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 पार्टियां शामिल हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक इस रैली में हिस्सा लेंगे। दूसरी तरफ दिल्ली से थोड़ी ही दूर मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रैली करने जा रहे हैं।