
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व निजी सहायक वेदिका प्रकाश शेट्टी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शेट्टी पर आरोप है कि उन्होंने आलिया की प्रोडक्शन कंपनी Eternal Sunshine Productions Pvt. Ltd. और उनके निजी खातों से ₹76,90,892 की हेराफेरी की।
मां सोनी राजदान ने दर्ज कराई शिकायत
इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब आलिया की मां और प्रोडक्शन कंपनी की निदेशक सोनी राजदान ने 23 जनवरी 2025 को जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर शेट्टी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) (आपराधिक विश्वासघात) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
2021 से 2024 तक PA के रूप में किया कार्य
पुलिस के अनुसार, शेट्टी ने 2021 में आलिया की पर्सनल असिस्टेंट के रूप में काम शुरू किया और अगस्त 2024 तक इस पद पर रहीं। इस दौरान उन्हें वित्तीय दस्तावेजों और भुगतान से जुड़े कई अधिकार दिए गए थे।
फर्जी बिल और दस्तखत से रची साजिश
जांच में पता चला है कि शेट्टी ने आलिया को गुमराह कर फर्जी बिलों पर दस्तखत करवाए, जो उन्होंने ऑनलाइन टूल्स के ज़रिए प्रोफेशनल तरीके से तैयार किए थे। बिलों में दर्शाए गए खर्च आलिया की यात्राओं और आयोजनों से संबंधित बताए गए थे।
इसके बाद संबंधित रकम एक करीबी दोस्त के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती थी, जो बाद में वह राशि शेट्टी को लौटा देता था।
गिरफ्तारी से पहले कई राज्यों में की भागदौड़
शिकायत के बाद शेट्टी फरार हो गई थीं और लगातार राजस्थान, कर्नाटक, पुणे और बेंगलुरु समेत कई लोकेशनों पर भागती रहीं। आखिरकार बेंगलुरु से गिरफ्तार कर उन्हें पांच दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया।