
संयुक्त किसान मोर्चा आज काला दिवस मना रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने देश के लोगों से घरों और गाड़ियों पर काला झंडा लगाने की अपील है। दरअसल हरियाणा पुलिस और पंजाब के किसानों के बीच बुधवार को हुई झड़प में किसान शुभकरण सिंह (21) की मौत हो गई थी। इसी के विरोध में किसान संगठन आज काला दिवस मना रहे हैं। एसकेएम नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने संवाददाताओं से कहा कि खनौरी सीमा पर एक किसान की मौत के सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए और उसके परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जानी चाहिए। एसकेएम ने कहा है कि किसान 26 फरवरी को सभी राजमार्गों पर ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे और 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत करेंगे।
वहीं, किसान आंदोलन में हंगामे के बाद हरियाणा पुलिस एक्शन में नजर आ रही है। किसान संगठनों के पदाधिकारियों को NSA के तहत नजरबंद करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकारी संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए आंदोलनकारियों की संपत्ति कुर्क और बैंक खाते सीज़ किए जाएंगे। बता दें कि एसकेएम ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर स्थिति की चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को एक बैठक की। पंजाब, हरियाणा एवं अन्य राज्यों के कई एसकेएम नेताओं ने इस बैठक में हिस्सा लिया। यहां पर हजारों किसान ‘दिल्ली चलो’ आह्वान के तहत डेरा डाले हुए हैं।