
नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मानसून अब विदाई की ओर है और उत्तर भारत में बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना बेहद कम है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार सर्दियां सामान्य से ज्यादा ठंडी पड़ सकती हैं। उत्तरी भारत में रातें पहले ही ठंडी होने लगी हैं।

☔ मॉनसून की विदाई शुरू
आईएमडी ने बताया कि 15 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिम भारत से वापसी शुरू कर सकता है। सामान्यत: मानसून 17 सितंबर से वापसी की प्रक्रिया शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से लौट जाता है।
- इस साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था, जो 2009 के बाद से सबसे जल्दी आगमन है।
- 8 जुलाई तक यह पूरे देश में फैल गया था, यानी तय समय से 9 दिन पहले।
⚠️ यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
जहां राजस्थान और उत्तर भारत से मानसून विदाई की ओर है, वहीं बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब भी बारिश का दौर बना हुआ है।
- 18 सितंबर तक कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
- हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
🌧️ बादल फटे, बाढ़ आई… इस बार जमकर बरसे बदरा
इस मानसून सीजन में देशभर में 778.6 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 836.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, यानी 7% ज्यादा।
- उत्तर-पश्चिम भारत में 34% अधिक वर्षा दर्ज की गई।
- पंजाब में दशकों बाद सबसे भीषण बाढ़ देखी गई।
- हिमालयी राज्यों हिमाचल और उत्तराखंड में बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही हुई।
❄️ भयंकर ठंड के लिए हो जाइए तैयार
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल सर्दियां औसत से ज्यादा ठंडी होंगी।
- ला नीना (La Niña) के सक्रिय होने की 71% संभावना है।
- अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच इसका असर दिखने लगेगा।
- ला नीना की वजह से भारत में भयंकर ठंड और लंबी सर्दियां पड़ सकती हैं।



