
दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल रही है। आकाश में बादल छाए हुए हैं। मौसम में बदलाव आने की वजह से लाखों लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली और नोएडा में तेज हवाएं चल रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटे में हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले बुधवार देर रात को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई थी। इससे पहले दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
#WATCH | Delhi witnesses a storm as the weather turns windy. Visuals from near IGI airport pic.twitter.com/3030mhy45i
— ANI (@ANI) June 6, 2024
इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया था कि राष्ट्रीय राजधानी में देर शाम हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी या गरज के साथ बूंदाबांदी होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, धूल भरी आंधी या गरज के साथ हल्की वर्षा होने तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।