उत्तर प्रदेश : फतेहपुर पहुंचीं पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति; कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल

फतेहपुर: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद साध्वी निरंजन ज्योति पहली बार फतेहपुर पहुंचीं. जनपद में उनका भव्य स्वागत किया गया. पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से साध्वी निरंजन ज्योति का स्वागत किया.
मूसानगर स्थित आश्रम से साध्वी निरंजन ज्योति का काफिला निकला और सबसे पहले जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के चिल्ली मोड़ पहुंचा. वहां उनका स्वागत किया गया. विधायक राजेंद्र पटेल सहित भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शुक्ल, महामंत्री सुनील शुक्ल, भाजपा जिला मंत्री सुधीर मिश्र, वीरेंद्र द्विवेदी, सीमा द्विवेदी और रिंकू द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं उनका स्वागत किया.
इसके बाद उनका काफिला बकेवर, खजुहा, बिंदकी, पनई इनायतपुर, मलवां अंडरपास, मेडिकल कॉलेज और कर्पूरी ठाकुर चौराहा होते हुए आगे बढ़ा. कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जगह-जगह उनका स्वागत किया. अंत में होटल रामाडियन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया.
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक कृष्णा पासवान, जय कुमार सिंह ‘जैकी’, जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई, आशीष मिश्रा, प्रभुदत्त दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर विधायक, मंत्री और अब आयोग की अध्यक्ष बनने तक की यात्रा कार्यकर्ताओं के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है. उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि फतेहपुर उनका अपना जनपद है और यहां के लोग उनके परिवार के समान हैं. जनपद के विकास को प्राथमिकता देते हुए हर संभव प्रयास किया जाएगा.



