UP: हाथरस में हादसे के बाद भारी पुलिस बल तैनात, CM योगी करेंगे आज दौरा

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक सत्संग के दौरान हुए हादसे में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं। इस बड़े हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न नेताओं ने शोक प्रकट किया है। अब उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी बुधवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए हाथरस का दौरा करने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इस मामले में अब तक के सभी अपडेट।
हाथरस संयुक्त जिला अस्पताल CMO मनजीत सिंह ने हाथरस भगदड़ की घटना पर बताया, “इस हादसे में कुल 116 लोगों की मृत्यु हुई है, 35 घायल हुए हैं। हमारे यहां 32 शव पोस्टमार्टम के लिए आए हैं जिनमें से 19 की पहचान हो चुकी है। 11 का पोस्टमार्टम हो चुका है। हमारे यहां 11 घायल भर्ती है, उनका इलाज चल रहा है। पीएसी के तीन कमांडेंट हाथरस घटना स्थल पहुंच गए हैं। आगरा,एटा,अलीगढ़ से पीएसी कंपनियां हाथरस पहुंचीं हैं। NDRF व SDRF की 2 कंपनियां भी मौके पर हैं।