उत्तराखंडफीचर्ड

Uttarakhand: राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने की केबिनेट मंत्री गणेश जोशी को बर्खास्त करने की मांग

खबर को सुने

देहरादून: राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने मुख्यमंत्री से आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने दस्तावेजों के साथ बताया कि गणेश जोशी के पास न खेती है और न कोई न उद्योग है फिर भी उन्होने नौ करोड़ रुपये कैसे कमा लिए ! पार्टी ने कहा कि उनके पास दर्जन से भी अधिक प्लाट-दुकानें हैं।

प्रेसक्लब देहरादून मे पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश संगठन सचिव सुलोचना ईष्टवाल ने मीडिया को बताया कि गणेश जोशी को एक विधायक और मंत्री के तौर पर 2007 से 2023 तक कुल 36 लाख 54 हजार रुपये वेतन के तौर पर मिला। जबकि 2022 में चुनाव हलफनामे में उन्होंने नौ करोड़ रुपये की संपत्ति बतायी है। ईष्टवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि गणेश जोशी ने पद का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। ऐसे में उनके खिलाफ धन शोधन पद के दुरुपयोग और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के खिलाफ कार्रवाई की जाए। तथा उनको मंत्रिमंडल से हटाया जाए।

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के मुताबिक 2007 के चुनाव में गणेश जोशी ने जो हलफनामा दायर किया था। उसमें कुल 42 लाख की संपत्ति दर्शायी थी। मजेदार बात यह है कि गणेश जोशी ने 2011 में जो आयकर रिटर्न भरा, उसमे अपनी आय महज तीन लाख 90 हजार 692 रुपये दर्शायी। 2012 के चुनाव में जो हलफनामा दिया गया था उसमें उन्होंने बैंकों में अपनी जमा पूंजी लगभग 13 लाख बतायी।

एफडी और एनएससी से दस लाख की आय दिखाई। बच्चों की शिक्षा पर ऋण समेत 29 लाख 93 हजार का कर्ज दिखाया। चुनाव में गणेश जोशी ने 2012 में 9 लाख 55009, 2017 में 24 लाख 2 हजार 600 रुपये और 2022 में 29 लाख 99 हजार 222 रुपये का खर्च दर्शाया है।

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी में मुख्यमंत्री से मांग की है कि गणेश जोशी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करके उनकी आय से अधिक संपत्ति की जांच की जाए। पार्टी ने कहा कि जोशी से संबंधित तमाम विभागों में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल कोई कार्यवाही नहीं की गई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

प्रेस वार्ता में प्रदेश संगठन सचिव सुलोचना ईष्टवाल, अनुपमा भारद्वाज, किरण डोभाल ,पदमा रौतेला, ,सुशीला पटवाल, रिषिका चौहान, यशोदा रावत आदि तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button