
देहरादून में हिंदू युवा वाहिनी (एचवाईवी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम राठौर के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगठन ने आगामी चुनावों और उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता को लेकर बड़ा संदेश देने की कोशिश की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। इसी मौके पर विकास त्यागी को हिंदू युवा वाहिनी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। शीर्ष नेतृत्व ने उनकी सक्रियता, संगठन क्षमता और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम राठौर ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी लंबे समय से उत्तराखंड में सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध मजारों समेत कई मुद्दों को संगठन ने मजबूती से उठाया है और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि युवाओं को जोड़कर सनातन संस्कृति और हिंदुत्व के मुद्दों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
विक्रम राठौर ने आगामी चुनावों और महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि यह समय संगठन के विस्तार का है। उन्होंने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी गांव-गांव और शहर-शहर तक अपनी पहुंच बढ़ाने का काम करेगी। संगठन का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्र और धर्म के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की और कहा कि संगठन का हर कार्यकर्ता समाजहित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित है।
अपने संबोधन में विक्रम राठौर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी जमकर सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को “हिंदू हृदय सम्राट” बताते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश में कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिनसे सनातन संस्कृति को मजबूती मिली है। राठौर ने दावा किया कि हिंदू युवा वाहिनी भविष्य में भी मुख्यमंत्री धामी के समर्थन में मजबूती से खड़ी रहेगी।
आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी ऐसे नेतृत्व के साथ खड़ी होगी जो सनातन धर्म और हिंदू समाज की बात करेगा। उन्होंने कहा, “जो राम का है, हम उसके साथ हैं।” राठौर ने दावा किया कि उत्तराखंड में सनातनी विचारधारा वाली सरकार को मजबूत करने के लिए संगठन पूरी ताकत से काम करेगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुत्व की बात करने पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया जाता है, जबकि संगठन केवल हिंदू समाज की सुरक्षा और संस्कृति की रक्षा की बात करता है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का भी मुद्दा उठाया और कहा कि ऐसे मामलों ने हिंदू समाज को एकजुट होने के लिए प्रेरित किया है। उनका कहना था कि हिंदू युवा वाहिनी का उद्देश्य किसी के खिलाफ राजनीति करना नहीं, बल्कि सनातन धर्म और हिंदू समाज के हितों की रक्षा करना है।
वहीं, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विकास त्यागी ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। विकास त्यागी ने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और समाजसेवा के कार्यों को भी गति दी जाएगी।
उनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कई कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि विकास त्यागी के नेतृत्व में संगठन उत्तराखंड में और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं के बीच अपनी पकड़ को बढ़ाएगा।
देहरादून में आयोजित यह कार्यक्रम केवल संगठनात्मक बदलाव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे आगामी चुनावों से पहले हिंदू युवा वाहिनी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। संगठन ने साफ संकेत दिया है कि वह आने वाले समय में उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में है।



