
देहरादून, रविवार: हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल, गढ़ीकैंट में आयोजित रक्षाबंधन समारोह 2025 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मातृशक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एक “भाई” के रूप में दोहराई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस समारोह में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के नाते उपस्थित हुए हैं।
“कोई भी बहन परेशानी में हो, तो मुझसे सीधे संपर्क करे”
मुख्यमंत्री ने मंच से साफ कहा—”अगर किसी बहन या बेटी को कभी कोई परेशानी हो, तो वह सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर सकती है। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं स्वयं एक भाई की तरह उसकी समस्या का समाधान करूं।”
‘जल सखी योजना’ से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मिलेगा बल
सीएम धामी ने ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई योजना—जल सखी योजना—की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का जिम्मा महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा जाएगा।
इसके तहत नए जल कनेक्शन, बिल वितरण, वसूली और रखरखाव जैसे कार्य महिलाओं को आउटसोर्स किए जाएंगे।
“सशक्त बहना उत्सव योजना” से महिलाओं की आर्थिक ताकत
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत अभी तक 30,000 से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं और उन्होंने 5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
“हाउस ऑफ हिमालयाज” बना महिलाओं के उत्पादों की वैश्विक पहचान
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद अब “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के तहत अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों को करोड़ों की सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
“लखपति दीदी” बन रहीं पहाड़ की महिलाएं
राज्य में “लखपति दीदी योजना” के तहत अब तक 1.63 लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने इसे “मातृशक्ति की मेहनत और आत्मबल का प्रतीक” बताया।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और तीन तलाक जैसे कुप्रथा की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक कदम महिलाओं को सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने कहा—”आज की महिला खेतों से लेकर अंतरिक्ष तक, खेलों से लेकर सेना तक—हर जगह अग्रणी भूमिका निभा रही है।”
शेखावत ने की प्रदेश सरकार की सराहना
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में महिला कल्याण योजनाओं पर अभूतपूर्व कार्य हुआ है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं के हस्तशिल्प उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
भारी संख्या में माताएं और बहनें हुईं शामिल
रक्षाबंधन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष नेहा जोशी, और प्रदेशभर से आई हजारों महिलाएं मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पंचायत चुनावों में मिले जनसमर्थन के लिए आभार भी जताया।