
अगले लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए को मात देने के लिए बनाए गए विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार को विपक्षी खेमे ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल एनक्लूसिव अलायंस’ I-N-D-I-A का संयोजक बनाया जा सकता है। वहीं विपक्षी गठबंधन का कुनबा भी बढ़ सकता है। शेतकारी संगठन भी मुंबई में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होगा। इसके साथ ही कुछ अन्य दल भी हैं जो इस कुनबे का हिस्सा बनना चाहते हैं।
जानकारी के मुताबिक असम की तीन पार्टी, पूर्वी राज्यों की दो पार्टी, महाराष्ट्र की एक पार्टी और एक उत्तर प्रदेश की एक पार्टी विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होना चाहती है। मुंबई में होने वाली मीटिंग में इन पार्टियों को शामिल करने पर चर्चा होगी। सूत्र के मुताबिक मुंबई मीटिंग में संयोजक पद पर चर्चा हो सकती है। ऐसे में नीतीश कुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई की बैठक में नीतीश के नाम पर मुहर लग सकती है।
नीतीश कुमार बिहार में एनडीए से अलग होने के बाद से ही विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम में जुटे हुए हैं। विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक भी नीतीश कुमार की पहल पर पटना में हुई थी। वहीं मुंबई में होनेवाली विपक्षी गठबंधन की तीसरी बैठक में गठबंधन के संयोजक का नाम तय करने की योजना है। ऐसे में नीतीश कुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई की बैठक में नीतीश के नाम पर मुहर लग सकती है।