
काठमांडू: नेपाल में बीते 36 घंटों में मूसलाधार बारिश व भूस्खलन के चलते कम से कम 11 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 8 लोग अब तक लापता हैं। भारी बारिश के कारण बागमती समेत अन्य नदियां पूरे उफान पर हैं। बीते 2 दिनों से यहां भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ का कहर जारी है। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि इससे प्रमुख राजमार्ग और सड़कें अवरुद्ध हैं। नेपाल के पुलिस प्रवक्ता दान बहादुर कार्की ने कहा कि आठ लोग लापता हैं या तो बाढ़ में बह गए या फिर भूस्खलन में दब गए। जबकि 12 अन्य घायल हो गए और अस्पतालों में उनका इलाज किया जा रहा है।
कार्की ने रॉयटर्स को बताया, “बचाव कर्मी भूस्खलन के बाद मलबे को हटाने और सड़कों को खोलने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मलबे को हटाने के लिए भारी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक जिला अधिकारी ने कहा कि दक्षिणपूर्वी नेपाल में कोशी नदी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है। यह नदी हर साल भारत के पूर्वी राज्य बिहार में घातक बाढ़ का कारण बनती है। सुनसारी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी बेद राज फुयाल ने रॉयटर्स को बताया, “कोशी का प्रवाह बढ़ रहा है और हमने निवासियों को संभावित बाढ़ के बारे में सतर्क रहने के लिए कहा है।”