
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की राज्यसभा से विदाई पर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक भावुक पत्र लिखा है। अपने पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को भी रेखांकित किया है। खरगे ने लिखा है कि कैसे मनमोहन सिंह ने बहुत ही ज्यादा समर्पण और निष्ठा दिखाते हुए देश की सेवा की है और गरीबों के लिए काम किया है। उन्होंने लिखा है कि मनमोहन सिंह ऐसे शख्स रहे हैं जिनकी सलाह को वह महत्व देते हैं। अपने पत्र की शुरुआत में खरगे ने मनमोहन को संबोधित करते हुए लिखा है, ‘तीन दशकों से अधिक समय तक सेवा करने के बाद आज जब आप राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, तो एक युग का अंत हो गया है’।
पत्र में खरगे ने आगे लिखा, बहुत कम लोग कह सकते हैं कि उन्होंने आपसे अधिक समर्पण और अधिक निष्ठा से हमारे देश की सेवा की है। बहुत कम लोगों ने देश और उसके लोगों के लिए आपके जितना काम किया है। आपके मंत्रिमंडल का हिस्सा बनना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से सौभाग्य की बात है। पिछले 10 वर्षों में, जबकि मैं लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी का नेता रहा हूं, आप हमेशा ज्ञान का स्रोत रहे हैं और ऐसे व्यक्ति रहे हैं जिनकी सलाह को मैं महत्व देता हूं। पिछले कुछ वर्षों में, आपने व्यक्तिगत असुविधाओं के बावजूद कांग्रेस पार्टी के लिए उपलब्ध रहना सुनिश्चित किया है। इसके लिए पार्टी और मैं सदैव आभारी रहेंगे।’