
दिल्ली के CM पद से पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा दे दिया है। अब दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी हैं। आतिशी के सीएम बनने के बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता रविवार को कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में उनकी पार्टी में शामिल हो गए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी में उनका स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस का पटका भेंट किया।
आज समयपुर बादली वार्ड से पूर्व निगम पार्षद प्रत्याशी धर्मवीर शर्मा जी, यूथ विंग अध्यक्ष सौरभ शर्मा जी, प्रदेश संगठन मंत्री राजेश यादव जी, पूर्व जिलाध्यक्ष अखिल बंसल जी, संगठन मंत्री जयराम गुप्ता जी, विधान सभा अध्यक्ष संजय गिल जी सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता… pic.twitter.com/Bmh4dToFiY
— Devender Yadav (@devendrayadvinc) September 29, 2024
देवेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है तो इसके लिए भाजपा और आप दोनों सरकारें समान रूप से जिम्मेदार हैं। यादव ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल अपनी सरकार के मंत्रियों समेत सभी में खामियां ढूंढने में लगे हैं। वह यह भूल गए हैं कि जेल में रहने के दौरान उन्होंने पांच महीने से अधिक समय तक मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं छोड़ी थी। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली में शासन व्यवस्था ठप हो गई थी, जब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली जलभराव की समस्या से जूझ रही थी।