
तमिल फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस तृषा कृष्णन इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। वजह है तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय के साथ जुड़ रहा उनका नाम। हाल ही में विजय के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी। अब इस पूरे मामले के बीच तृषा कृष्णन ने इंस्टाग्राम पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया है, जिसने अफेयर की चर्चाओं को और हवा दे दी है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस खास मौके पर राजनीति, सिनेमा और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा तृषा कृष्णन की एंट्री को लेकर हुई। एक्ट्रेस सीफोम ग्रीन रंग की खूबसूरत साड़ी और गोल्डन ब्लाउज में नजर आईं। उन्होंने बालों में गजरा लगाकर पारंपरिक लुक को पूरा किया, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद तृषा कृष्णन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में उनका ट्रेडिशनल अंदाज साफ नजर आ रहा है। हालांकि लोगों का ध्यान सिर्फ उनकी तस्वीरों पर नहीं, बल्कि पोस्ट के कैप्शन पर भी गया। तृषा ने लिखा, “प्यार हमेशा बुलंद होता है। मेरे हमेशा साथ खड़े रहने वाले पसंदीदा लोगों का शुक्रिया।” इसके साथ उन्होंने अपनी स्टाइलिंग और मेकअप टीम को भी धन्यवाद कहा।
तृषा के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अलग-अलग तरह के कयास लगाने लगे। कुछ लोगों ने इसे सिर्फ एक भावनात्मक पोस्ट बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे विजय के लिए इशारा माना। देखते ही देखते पोस्ट वायरल हो गया और हजारों लोगों ने उस पर कमेंट करना शुरू कर दिया।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान तृषा कृष्णन को विजय के परिवार के साथ भी देखा गया। वायरल तस्वीरों और वीडियो में वह विजय की मां शोभा चंद्रशेखर और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत करती नजर आईं। विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर ने मीडिया से बातचीत में बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई। वहीं विजय की मां ने इस खास मौके को मदर्स डे से जोड़ते हुए भावुक प्रतिक्रिया दी।
तृषा और विजय की जोड़ी लंबे समय से तमिल सिनेमा की सबसे लोकप्रिय ऑनस्क्रीन जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों ने साथ में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। इनमें Ghilli, Thirupaachi, Aathi, Kuruvi और Leo जैसी फिल्में शामिल हैं। फैंस को दोनों की कैमिस्ट्री हमेशा से पसंद आती रही है।
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर विजय और तृषा के रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। इन अफवाहों को तब और बल मिला जब दोनों को एक शादी समारोह में साथ देखा गया। इसी दौरान विजय और उनकी पत्नी संगीता के रिश्ते में तनाव और तलाक की खबरें भी सामने आने लगीं। हालांकि विजय और तृषा दोनों ने अब तक इन अफवाहों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
फिलहाल तृषा कृष्णन का यह नया पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी खूबसूरती और अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग उनके कैप्शन के मायने निकालने में जुटे हैं। अब देखना होगा कि विजय और तृषा इन लगातार बढ़ती अफवाहों पर आगे कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।



