दिल्ली में फिर से एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहाँ के स्वरूप नगर इलाके में 52 वर्षीय मकान मालिक ने 9 साल की लड़की को अगवा कर उसके साथ रेप किया फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने उसके शव को एक नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि लड़की के माता-पिता एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं और करीब एक साल से किराए के मकान में रहते हैं। लड़की के 12 दिसंबर को लापता होने के बाद, पुलिस को सूचित किया गया और उन्होंने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी शुरू की और उन्हें आरोपी पर शक हुआ।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमें पता चला कि लड़की को एक बंद गोदाम के पास से अगवा किया गया था। परिवार के सदस्यों ने उस व्यक्ति की पहचान अपने मकान मालिक 52 वर्षीय संजीव राणा के रूप में की, जो उसे अपने साथ ले जा रहा था।” पुलिस ने कहा कि 12 दिसंबर को लड़की जब अपने घर के बाहर खेल रही थी तो आरोपी ने लड़की को घुमाने का लालच दिया। जांचकर्ताओं के मुताबिक, इसके बाद आरोपी लड़की को सुनसान इलाके में ले गया जहां उसने अपनी कार में उसके साथ रेप किया। उसने अपना जुर्म छुपाने के लिए उसने लड़की का गला घोंट दिया और फिर शाम करीब साढ़े 6 बजे उसके शव को मुनक नहर में फेंक दिया।



