नई दिल्ली, 5 मई – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को साउथ ब्लॉक स्थित अपने कार्यालय पहुंचे और उसके बाद से ही प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में एक के बाद एक उच्चस्तरीय बैठकों का सिलसिला जारी है। इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की पीएम मोदी से मुलाकात ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।
राहुल गांधी की प्रधानमंत्री से हुई यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात नए CBI निदेशक के चयन को लेकर हो सकती है, क्योंकि वर्तमान निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल 25 मई 2025 को समाप्त हो रहा है। बता दें कि CBI निदेशक की नियुक्ति समिति में प्रधानमंत्री, भारत के मुख्य न्यायाधीश और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष शामिल होते हैं।
हालांकि यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी और प्रधानमंत्री के बीच जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले पर भी चर्चा हुई होगी।
अजित डोभाल, रक्षा सचिव और गृह सचिव से भी मुलाकात
राहुल गांधी से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की। इस बैठक को पहलगाम हमले और समग्र सुरक्षा स्थिति के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है।
इसके बाद गृह सचिव गोविंद मोहन और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह भी पीएमओ पहुंचे और प्रधानमंत्री से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, रक्षा सचिव ने प्रधानमंत्री को सुरक्षा हालात और सैन्य तैयारियों से अवगत कराया।
सेना के शीर्ष अधिकारियों की पहले से हो चुकी हैं मुलाकातें
पीएम मोदी की सुरक्षा पर सक्रियता बीते कुछ दिनों से लगातार देखने को मिल रही है। शनिवार को नौसेना प्रमुख, रविवार को वायुसेना प्रमुख एपी सिंह और सोमवार को रक्षा सचिव के साथ हुई बैठकों से साफ है कि सरकार किसी भी सुरक्षा चुनौती के प्रति पूरी तरह सतर्क है।
भारत-जापान रक्षा मंत्रियों की भी अहम बैठक
इसी दिन नई दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी के बीच भी एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान जापान ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत के प्रति एकजुटता दिखाई और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग पर भी चर्चा हुई।
#WATCH | Delhi: Lok Sabha LoP and Congress MP Rahul Gandhi arrives at Prime Minister’s Office, in Delhi. pic.twitter.com/jnbsHbYcs8
— ANI (@ANI) May 5, 2025
