
चंडीगढ़: किसानों और केंद्र सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी असफल रही है। चंडीगढ़ में हुई इस बैठक में केंद्र सरकार की तरफ से केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय शामिल हुए। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए थे। बैठक देर रात 1:30 बजे तक चली लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए सरकार ने कहा कि कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। हालांकि कुछ विषयों पर अभी वार्ता जारी है। अब रविवार को चौथे दौर की वार्ता चंडीगढ़ में ही होगी और हमें उम्मीद है कि इसके बाद इस मुद्दे का समाधान हो जाएगा।
इसके साथ ही इस बैठक में तय हुआ है कि रविवार तक किसान शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ेंगे और हरियाणा हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री की तरफ से भी सीजफायर बना रहेगा। वहीं किसान नेता सरवन पंढेर ने कहा इस बैठक में लंबी चर्चा आज हुई है लेकिन हमने कहा चर्चा का नतीजा निकलना चाहिए। सरकार ने कहा हमे कुछ समय चाहिए वो इस पर चर्चा करके फिर से बैठक करेंगे। इसके साथ ही हमने बैठक में हमारे सोशल मीडिया एकाउंट बंद किए जाने और इंटरनेट पर रोक का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसान शंभू बॉर्डर पर शांति से बैठा है लेकिन सुरक्षाबल आंसू गैस के गोले दागकर भड़का रही है।