
देहरादून : देहरादून में पुलिस और वन विभाग ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वन्य जीव तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने लाडवा गैंग के तीन वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक जीवित Red Sand Boa (रेड सैंड बोआ) सांप बरामद किया गया। यह सांप वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 के अंतर्गत संरक्षित प्रजाति में शामिल है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये बताई गई है।
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि हरियाणा के लाडवा गैंग के तीन सदस्य एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार में दोमुंहा सांप लेकर विकासनगर क्षेत्र में तांत्रिक क्रियाओं हेतु ऊंचे दाम पर बेचने आए हैं। इस सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई और पुल नंबर-2 के पास घेराबंदी कर तस्करों – अनिल, अशोक और संदीप कुमार – को गिरफ्तार किया गया। उनके वाहन से एक बैग मिला जिसमें दुर्लभ Red Sand Boa जीवित अवस्था में मिला।
क्या है Red Sand Boa सांप?
रेड सैंड बोआ (Eryx johnii), जिसे आमतौर पर “दोमुंहा सांप” कहा जाता है, विषैला नहीं होता, लेकिन इसके साथ कई अंधविश्वास जुड़े हैं। इसकी पूंछ का सिर जैसा गोल आकार इसे देखने वालों को भ्रमित करता है। यही कारण है कि यह सांप तांत्रिक और अवैज्ञानिक गतिविधियों में भारी कीमतों पर खरीदा-बेचा जाता है।
-
यह सांप भारत, पाकिस्तान और ईरान के शुष्क क्षेत्रों में पाया जाता है।
-
इसकी लंबाई सामान्यतः 2-3 फीट होती है।
-
यह कृंतक, छिपकलियों और छोटे सांपों को खाता है।
-
इसके चमकदार, कीलदार शल्क इसे विशिष्ट बनाते हैं।
वन्य जीव तस्करी पर सख्ती
वन विभाग की टीम ने सांप की पहचान Red Sand Boa के रूप में की और पुष्टि की कि यह प्रजाति वन्य जीव अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 (Part-C) के अंतर्गत आती है। इस अधिनियम के तहत इस सांप का शिकार, व्यापार, परिवहन या संग्रहण पूर्णतः प्रतिबंधित और दंडनीय अपराध है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
SSP दून को मिली सटीक सूचना पर दून पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय संरक्षित पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़,
दून पुलिस द्वारा अंतरराष्ट्रीय संरक्षित पशु तस्कर गिरोह “लाडवा गैंग’ के 03 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार pic.twitter.com/yDFuHE5sPp
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) May 2, 2025