UP: तेज बारिश की वजह से नोएडा के एक मकान की गिरी छत, 7 लोग दबे मलबे में 4 की हालत गंभीर

यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले के छोलस गांव में शनिवार को तेज बारिश में एक घर की छत गिरने से 7 लोग मलबे में दब गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छोलस गांव के सैफ अली के मकान की छत तेज बारिश के कारण शनिवार को गिर गई। उन्होंने बताया कि छत गिरने से सैफ अली (34), शकीला (50), अली खान(दो) , सोहन (4), शाहिद (34), शान (8) और तैमूर (3) मलबे में दब गए। उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां पर चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सितंबर महीने में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है। अलग-अलग राज्यों में बारिश हो रही है। कई राज्यों में बारिश के कारण बाढ़ की समस्या का लोग सामना कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के कारण बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिल्ली-एनसीआर हो या उत्तर प्रदेश सभी जगहों पर बारिश देखने को मिल रही है और हवा में ठंड का एहसास है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे और हल्के से मध्यम स्तर की बारिश देखने को मिल सकती है। इस कारण दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।