
देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की भीषण त्रासदी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना आंध्र प्रदेश दौरा तत्काल निरस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री आज सुबह देहरादून स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा की और फील्ड से आ रही हर जानकारी पर बारीकी से नजर डाली। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
“हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित लोगों की जान बचाना है। सभी संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित कर रही हैं,” – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
राहत एजेंसियां सक्रिय, सीएम स्वयं ले रहे अपडेट
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर डटा हुआ है और फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। वे लगातार जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से लगातार समन्वय बना हुआ है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में सोमवार रात बादल फटने से भीषण तबाही हुई है। अब तक 10 लोगों की मौत, 40 से अधिक लापता, और 100 से अधिक के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। बाढ़ में 5 होटल बह गए हैं और इलाके में भारी नुकसान हुआ है।