रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूक्रेन दौरे के अभी 24 घंटे भी नहीं बीते हैं कि दोनों देशों में बड़ा समझौता होने का दावा किया जा रहा है। यह दावा रॉयटर्स की रिपोर्ट में संयुक्त अरब अमीरात की ओर से किया गया है। इसके बाद माना जा रहा है कि शांति वार्ता के लिए रूस और यूक्रेन को बातचीत की मेज पर आने की भूमिका भी इस समझौते के बाद तैयार हो सकती है। फिलहाल ताजा समझौता यूएई की मध्यस्थता में हुआ है। इस समझौते के बाद रूस और यूक्रेन आज 115-115 कैदियों की अदला-बदली करने के लिए तैयार हैं। यूएई के एक अधिकारी ने कहा, इस महीने यूक्रेन द्वारा रूस के अंदर हमला करने के बाद से कैदियों की पहली ऐसी अदला-बदली है।
अमीराती अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बात की, क्योंकि विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं थे। हालांकि इस समझौते को लेकर रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है। पीएम मोदी ने भी यूक्रेन और रूस से युद्ध में बातचीत के जरिये शांति की अपील की है। इससे दोनों पक्ष अब लगभग सहमत दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पीएम मोदी की इस अपील का असर देखने को मिल सकता है। दोनों देश बातचीत को राजी हो सकते हैं। रूस और यूक्रेन दोनों ही इसके लिए भारत की मध्यस्थता पर भरोसा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।



