
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बेंगलुरु में श्री नाडप्रभु केम्पेगौडा की 108 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। प्रधानमंत्री ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पवित्र जल चढ़ाया। उन्होंने एक पौधा भी लगाया।
यह प्रतिमा बेंगलुरु के विकास में इस शहर के संस्थापक नाडप्रभु केम्पेगौडा के योगदानों को याद करने के उद्देश्य से बनाई गई है। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ से प्रसिद्धि हासिल करने वाले राम वी. सुतार द्वारा संकल्पित और गढ़ी गई इस प्रतिमा के निर्माण में 98 टन कांस्य और 120 टन स्टील का उपयोग किया गया है।
प्रधानमंत्री के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।