
महाराष्ट्र की पुलिस की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति 300 करोड़ रुपये के गबन का आरोपी है। स्थानीय पुलिस ने बताया है कि आरोपी को मथुरा जिले के कृष्ण बलराम मंदिर के समीप वृंदावन पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को मथुरा में साधु के वेश में गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं कि क्या है ये पूरा मामला।महाराष्ट्र से अरबों रुपये के गबन के गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीड जिले के निवासी बबन विश्वनाथ शिंद के रूप में हुई है। शिंदे पर आरोप है कि उसने महाराष्ट्र के बीड जिले की ‘जिजाऊ मां साहेब मल्टी स्टेट बैंक’ में जमाकर्ताओं के तीन सौ करोड़ रुपये का गबन किया और वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया है कि बीड जिले से पुलिस की टीम बबन शिंदे की गिरफ्तारी के लिए मथुरा आई थी। काफी तलाश करने के बाद वह अंग्रेजों के मंदिर के निकट साधु वेश में घूमता मिला। आपको बता दें कि कृष्ण बलराम मंदिर को ‘अंग्रेजों के मंदिर’ के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस ने बताया है कि छानबीन में जानकारी मिली कि आरोपी शिंदे मथुरा में करीब एक साल से साधु की वेशभूषा में रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस की टीम उसे यहां मंदिरों, आश्रमों, होटल, गेस्ट हाउस आदि में तलाश रही थी। पुलिस के अनुसार शिंदे भेष बदल कर रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने मथुरा पुलिस की अपराध शाखा एवं वृन्दावन पुलिस का सहयोग लिया तो आरोपी जल्द ही मिल गया।