
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का मच्छी बाजार इलाका सोमवार को उस वक्त दहल उठा, जब सरेराह एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मंगलवार को जब पुलिस आरोपी आकाश को कोर्ट में पेश करने लाई, तो वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने न्यायालय परिसर के भीतर ही आरोपी की जमकर धुनाई कर दी, जिससे घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कोर्ट परिसर बना अखाड़ा, पुलिस के छूटे पसीने
मंगलवार दोपहर जैसे ही कोतवाली नगर पुलिस हत्यारोपी आकाश को लेकर कोर्ट पहुंची, वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। कोर्ट परिसर के भीतर हुए इस हंगामे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। मौके पर मौजूद पुलिस बल को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
क्या थी पूरी घटना?
यह रूह कंपा देने वाली वारदात सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। 23 वर्षीय गुंजन अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए मच्छी बाजार स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंची थी। पहले से घात लगाए बैठे आरोपी आकाश ने वहां पहुंचकर गुंजन को रोका और बहस शुरू कर दी। जब गुंजन ने उससे बात करने से इनकार किया, तो सनकी आकाश ने बैग से ‘चापड़’ (तेज धारदार हथियार) निकाला और उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
बेरहमी की हदें पार: गले पर किया गहरा वार
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, बचाव के लिए जब गुंजन ने हाथ आगे किया तो उसकी उंगली कट गई। इसके बाद आरोपी ने पूरी ताकत से गुंजन के गले पर वार किया। वार इतना घातक था कि गुंजन का गला गहरा कट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोर मचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग घायल गुंजन को तुरंत दून अस्पताल ले गए, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली नगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी आकाश को मच्छी बाजार के पास से ही धर दबोचा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती को पहले से जानता था और मुमकिन है कि यह मामला एकतरफा रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
न्यायालय परिसर में आरोपी के साथ हुई मारपीट और हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। राजधानी के व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहर की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है।



