
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से दिल दहला देने वाली घटना हो गयी है। महज 3 साल की मासूम से किरायेदार ने दरिंदगी की, जिसके बाद मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद हर कोई सकते में है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। देर रात पुलिस ने करीब तीस जगह दबिश देने के बाद 27 वर्षीय आरोपी को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। मामला दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट थाना अंतर्गत पीरागढ़ी का है, जहां तीन साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बताया कि पीरागढ़ी गांव में बच्ची के यौन उत्पीड़न के बारे में पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) को एक कॉल आई थी। जिसके बाद तुरंत पश्चिम विहार पश्चिम पुलिस स्टेशन के एसीपी और एसएचओ सहित एक पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।”
पुलिस के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद मां ने देखा कि बच्ची गायब है। वह आसपास के इलाके में बेटी की तलाश करने लगी। इसके बाद मां मकान में रहने वाले किरायेदार युवक के कमरे को खटखटाया। आरोपी दरवाजा नहीं खोल रहा था। कुछ देर बाद वह दरवाजा खोलकर फरार हो गया। बच्ची कमरे में खून से लथपथ थी। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां जमा हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बच्ची को इलाज के लिए पुलिस संजय गांधी अस्पताल ले गई। यहां बच्ची से दुष्कर्म का पता चला। बच्ची का इलाज करने के बाद डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (दुष्कर्म) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है।