
Kisan Andolan: शंभू बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे एक किसान की मौत हो गई तो वहीं किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए तैनात हरियाणा पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर की भी शुक्रवार को मौत हो गई। दोनों की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। दोनों की मौत के बाद बॉर्डर पर फिर से तनाव बढ़ गया है। शुक्रवार को बैरिकेड्स की ओर बढ़ रहे किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले बरसाए, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। दूसरी ओर किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि आंसू गैस के गोले के धुएं के कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी। तबीयत खराब होने के बाद पहले किसान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया।
जिस सब इंस्पेक्टर की ड्यूटी के दौरान मोत हुई है वे सोनीपत के खरखौदा गांव के रहने वाले थे, उनका नाम हीरालाल था और उनकी उम्र 57 वर्ष थी। वे जीआरपी में सब इंस्पेक्टर थे। उनकी समालखा जीआरपी चौकी में ही ड्यूटी थी। किसान आंदोलन के चलते 11 फरवरी को उनकी ड्यूटी शंभू बॉर्डर पर लगाई गई थी। देश में चल रहे किसान आंदोलन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने छह माह के लिए एस्मा (हड़ताल पर पाबंदी) लगा दिया है। अपर मुख्य सचिव कार्मिक डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, लोक हित में ऐसा करना आवश्यक है। सरकारी विभागों, राज्य सरकार के अधीन सभी निगमों और प्राधिकरणों पर भी यह नियम लागू होगा।