
लोकसभा चुनाव 2024: तेलंगाना की चेवेल्ला लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने अपनी पारिवारिक संपत्ति की घोषणा की है। के विश्वेश्वर रेड्डी के पास कुल 4568 करोड़ रुपये की पारिवारिक संपत्ति है। रेड्डी ने अपना राजनीतिक करियर चंद्रशेखर राव की बीआरएस (पूर्व में टीआरएस) से शुरू की थी। वह चेवेल्ला सीट से सांसद भी बने थे। हालांकि, बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए और 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हों हार मिली। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए।
कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने सोमवार को लोकसभा क्षेत्र के लिए अपना नामांकन दाखिल किया और चुनावी हलफनामे में अपनी चल और अचल संपत्तियों का खुलासा किया है। रेड्डी के हलफनामे के अनुसार, उनके पास 1250 करोड़ रुपये की संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी संगीता रेड्डी के पास 3209.41 करोड़ की संपत्ति है और बाकी संपत्ति उनके बेटे के नाम है। कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास अपोलो हॉस्पिटल एंटरप्राइजेज लिमिटेड के 17.77 लाख शेयर हैं। इन शेयर्स की कीमत 6170 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 973.22 करोड़ रुपये है। वहीं, उनकी पत्नी संगीता रेड्डी के पास 1500.85 करोड़ रुपये के 24.32 लाख शेयर हैं।