देशफीचर्ड

भारत बना दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा विमानन बाजार; मुंबई–दिल्ली मार्ग टॉप-10 में शामिल

वर्ष 2024 में 21.1 करोड़ यात्रियों ने की हवाई यात्रा, जापान को भी पीछे छोड़ा

नई दिल्ली। भारत ने एक और वैश्विक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) द्वारा जारी वर्ल्ड एयर ट्रांसपोर्ट स्टैटिस्टिक्स (WATS) 2024 रिपोर्ट के मुताबिक भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा विमानन बाजार बन गया है। वहीं, देश की व्यस्ततम हवाई रूट दिल्ली-मुंबई मार्ग को दुनिया के शीर्ष 10 हवाई मार्गों में सातवां स्थान मिला है।

2024 में 21.1 करोड़ यात्रियों ने की हवाई यात्रा

IATA की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में भारत में हवाई यात्रियों की संख्या 21.1 करोड़ रही, जो 2023 की तुलना में 11.1% की वृद्धि को दर्शाता है। इस आंकड़े के साथ भारत ने जापान (20.5 करोड़ यात्री) को पीछे छोड़ते हुए वैश्विक रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि जापान में यात्रा वृद्धि दर भारत से अधिक यानी 18.6% रही, लेकिन यात्री संख्या के मामले में भारत आगे रहा।

दिल्ली-मुंबई रूट बना भारत का सबसे व्यस्त मार्ग

IATA के अनुसार, मुंबई और दिल्ली के बीच का हवाई मार्ग वर्ष 2024 में 59 लाख यात्रियों के साथ दुनिया का सातवां सबसे व्यस्त रूट रहा। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के शीर्ष 10 व्यस्ततम मार्गों में एशिया-प्रशांत क्षेत्र का दबदबा रहा। सूची में सबसे ऊपर दक्षिण कोरिया का जेजू-सियोल मार्ग रहा, जहां वर्ष 2024 में 1.32 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की।

अमेरिका शीर्ष पर, चीन और ब्रिटेन क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर

वैश्विक आंकड़ों के अनुसार:

  • अमेरिका शीर्ष पर रहा, जहां वर्ष 2024 में 87.6 करोड़ यात्रियों ने हवाई यात्रा की।
  • चीन 74.1 करोड़ यात्रियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जिसमें 18.7% की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई।
  • ब्रिटेन (26.1 करोड़) तीसरे और स्पेन (24.1 करोड़) चौथे स्थान पर रहे।

350 एयरलाइनों का प्रतिनिधित्व करता है IATA

IATA विश्व की लगभग 350 विमानन कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है और इसका डेटा वैश्विक विमानन क्षेत्र के लिए एक प्रमुख सूचक माना जाता है। यह रिपोर्ट भारत के तेजी से बढ़ते हवाई यात्रा क्षेत्र और उसके बुनियादी ढांचे के विस्तार को भी रेखांकित करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button