
देहरादून: भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह संजय (बी.के.एस. संजय) को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गुवाहाटी का अध्यक्ष नामित किया है।
एम्स संस्थान देश में उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल के सर्वोच्च केंद्र माने जाते हैं। वर्तमान में देशभर में 19 एम्स कार्यरत हैं, जिनमें गुवाहाटी भी शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नए एम्स संस्थान ‘विकसित भारत मिशन’ के आधार स्तंभ साबित होंगे। उल्लेखनीय है कि एम्स गुवाहाटी की आधारशिला स्वयं प्रधानमंत्री ने 26 मई 2017 को रखी थी, ताकि पूर्वोत्तर भारत में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
डॉ. संजय की उपलब्धियाँ
- डॉ. संजय एक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त अस्थि रोग विशेषज्ञ, क्लीनिकल शोधकर्ता, लेखक, वक्ता, कवि और समाजसेवी हैं।
- उनके शोध कार्य जर्नल ऑफ बोन एंड जॉइंट सर्जरी, इंटरनेशनल ऑर्थोपीडिक्स और जर्नल ऑफ हैंड सर्जरी जैसी शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।
- उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लिम्का और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
शिक्षा और अनुभव
- ऑर्थोपीडिक्स की बुनियादी शिक्षा कानपुर, पीजीआई चंडीगढ़ और सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ ऑर्थोपीडिक्स, नई दिल्ली से प्राप्त की।
- स्वीडन, स्विट्ज़रलैंड, जापान, अमेरिका और रूस में उन्नत प्रशिक्षण और फैलोशिप हासिल की।
- 45 वर्षों से अधिक का चिकित्सा अनुभव, 50 से ज्यादा देशों की यात्रा और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में व्याख्यान।
सम्मान और पहचान
भारत सरकार ने वर्ष 2021 में डॉ. संजय को ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया। इसके अलावा उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने भी सम्मानित किया है।
डॉ. संजय की नियुक्ति को पूर्वोत्तर भारत की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।