
मुंबई में भारी बारिश के चलते लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में जगह-जगह पर जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम और यहां तक की लोकल ट्रेनों की भी यात्राएं प्रभावित हुई हैं। हर तरह के खतरे से बचने के लिए पूरे शहर में NDRF की टीमों को तैनात किया गया है। बता दें कि, मुंबई में पिछले 12 घंटे से भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से सार्वजनिक और निजी परिवहन दोनों प्रभावित हुए हैं। शहर के मुलुंड और मालाबार हिल्स में सुबह सिर्फ एक घंटे में 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 135 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मानखुर्द, पनवेल और कुर्ला स्टेशनों के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से हार्बर लाइन पर ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं। महानगर के कई हिस्सों में सड़क पर जलभराव होने से बसों के रास्ते बदले गए। डीएन नगर में अंधेरी सबवे बंद कर दिया गया। जबकि दक्षिण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को गोखले ब्रिज और उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों को ठाकरे ब्रिज से गुजारा गया। इसके अलावा खार सबवे को भी बंद कर दिया गया। वहीं ट्रांबे में महाराष्ट्र नगर सबवे बंद रहा। अधिकारी ने बताया कि मध्य मुंबई के वडाला और माटुंगा में सड़कों पर जलभराव होने से कई वाहन फंसे हुए हैं।