
दिल्ली: आनंद पर्वत इलाके में एक व्यक्ति ने गुरुवार को एक नाबालिग लड़की पर तेजाब फेंका और फिर खुद भी तेजाब पी लिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 54 साल के व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार के एक मामले की सुनवाई चल रही है और उसने 17 साल की किशोरी पर उस वक्त तेजाब फेंका जब वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को हमें आनंद पर्वत पुलिस थाने में तेजाब हमले के बारे में जानकारी मिली है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक नाबालिग लड़की और आरोपी प्रेम सिंह को अस्पताल ले जाया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रेम सिंह पर नाबालिग लड़की से रेप का केस चल रहा है। इस मामले में वह जेल में बंद था और अपने घर की शादी में शामिल होने के लिए 29 नवंबर को अंतरिम जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ‘‘तेजाब हमले में झुलसी नबालिग ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने प्रेम सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोपी के घर में विवाह समारोह है और उसी में शामिल होने के लिए उसे जमानत मिली थी।’’ लेकिन गरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अरोपी प्रेम सिंह ने किशोरी को धमकी दी कि उसकी मां दुष्कर्म का मामला वापस ले, लेकिन जब किशोरी ने ऐसा करने से इनकार किया तो आरोपी ने उस पर तेजाब फेंक दिया और खुद भी तेजाब पी लिया। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तेजाब हमले में किशोरी मामूली रूप से झुलस गई, लेकिन अब उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।