
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक चेतना और लोक आस्था का पर्व बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला सिर्फ पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “हरेला पर्व हमें हमारी समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और पर्यावरण से जुड़ने का संदेश देता है। यह पर्व आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है।”
राज्यभर में वृहद पौधरोपण अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर पूरे राज्य में एक ही दिन में 5 लाख पौधे रोपे जाएंगे, जिनमें से 3 लाख पौधे गढ़वाल मंडल और 2 लाख पौधे कुमाऊं मंडल में लगाए जाएंगे। यह अभियान “एक पेड़ – माँ के नाम” थीम पर आधारित होगा।
पौधरोपण सार्वजनिक स्थलों, नदियों व गदेरों के किनारे, विद्यालयों, विभागीय परिसरों, आवासीय क्षेत्रों और सिटी पार्कों में किया जाएगा। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवी, विभागीय कर्मी और आमजनमानस की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
संस्कृति और प्रकृति की साझी चेतना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-विदेश में विख्यात है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना राज्य की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों, नदियों और गदेरों के पुनर्जीवन के लिए व्यापक जनसहभागिता आवश्यक है।
“हमारे लोक पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। हमें इन्हें केवल मनाना नहीं, बल्कि जीना है। जब तक हम इन्हें भावनात्मक रूप से आत्मसात नहीं करेंगे, तब तक अगली पीढ़ी तक इनका संदेश नहीं जा पाएगा।”
प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित अभियान
सीएम धामी ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पर्यावरण और मातृ शक्ति’ को जोड़ने के विजन से प्रेरित है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण बचाने में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री जागेश्वर में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री हरेला पर्व के अवसर पर आरतोला, जागेश्वर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।