
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान अपने-अपने परिवार के साथ आज अयोध्या पहुंचेंगे। आम आदमी पार्टी के दोनों मुख्यमंत्री अयोध्या में रामलला का दर्शन पूजन करेंगे। चार्टर प्लेन से दिल्ली से अयोध्या पहुंचेंगे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर चार्टर प्लेन 12 बजे लैंड करेगा, फिर रामलला के दर्शन करने जाएंगे। दोनों नेता परिवार संग आज ही दिल्ली के लिए रवाना भी होंगे।
इससे पहले रविवार को मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) को छोड़कर उत्तर प्रदेश के दोनों सदन के करीब 325 विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और रामलला का दर्शन पूजन किया। राम मंदिर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के सामने साष्टांग दंडवत कर पूजा-अर्चना की। विधायकों के मंदिरों के शहर में पहुंचने पर अयोध्या के वासियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने फूलों की वर्षा की। जैसे ही बस ने अयोध्या में प्रवेश किया फूलों की बरसात शुरू हो गई। लोग उत्साह में नारे लगा रहे थे।