
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के विधायक करतार सिंह तंवर और पूर्व विधायक राज कुमार आनंद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले आनंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में मंत्री थे। आबकारी मामले में आप संयोजक की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। पटेल नगर सीट से पूर्व विधायक आनंद के साथ उनकी पत्नी वीणा आनंद भी भाजपा में शामिल हुईं।
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजकुमार आनंद आज भाजपा में शामिल हुए हैं। लेकिन उन्होंने आम आदमी पार्टी से कुछ समय पहले ही किनारा कर लिया था। लोकसभा चुनाव से पूर्व दिल्ली सरकार को अनुसूचित जाति विरोधी बताते हुए उन्होंने मंत्री पद के साथ ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं छतरपुर के आम आदमी पार्टी विधायक करतार सिंह तंवर ने भी आप छोड़ दी और बीजेपी ज्वाइन कर ली।