उत्तराखंड

रायफल क्लब फंड से जरूरतमंदों को मिली मदद: डीएम ने 6 असहाय महिलाओं को 1.50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की

खबर को सुने

देहरादून, 07 जुलाई 2025 (सू.वि.)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से देहरादून जिले में रायफल क्लब फंड का जनहित में अभिनव उपयोग प्रारंभ किया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 06 असहाय, निर्धन व विधवा महिलाओं को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। कुल मिलाकर ₹1.50 लाख की सहायता राशि रायफल क्लब फंड से प्रदान की गई।

इस सहायता से लाभान्वित होने वालों में पूनम ठाकुर, बिरोजनी उनियाल, आशा देवी, खष्टी बिष्ट, बबीता और रेशमी शामिल हैं। इनमें से कई महिलाएं अपने पति की दुर्घटनाओं के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही थीं। डीएम ने लकवा पीड़िता आशा देवी को चेक प्रदान करने के उपरांत ‘सारथी वाहन’ से उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने की भी व्यवस्था की।


रायफल क्लब फंड का पहली बार जनहित में रचनात्मक उपयोग

देहरादून राज्य का पहला ऐसा जिला बना है जहाँ रायफल क्लब फंड का उपयोग समाज के असहाय व निर्बल वर्ग के उत्थान के लिए किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि रायफल क्लब एक लग्जरी ट्रांजैक्शन की श्रेणी में आता है, अतः इससे प्राप्त धनराशि का जन कल्याण में उपयोग न्यायोचित है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शस्त्र लाइसेंस से जुड़े नवीनकरण, सीमा विस्तार, विक्रय, एनओसी आदि सभी प्रक्रियाओं पर उच्च नेट वैल्यू शुल्क निर्धारित कर फंड को सशक्त बनाया गया है। इससे फंड में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिसका लाभ अब विधवा, दिव्यांग, गरीब बच्चों और असहाय महिलाओं को दिया जा रहा है।


रायफल फंड से अब तक ₹9.70 लाख की सहायता

रायफल क्लब फंड से अब तक कुल ₹9.70 लाख की सहायता वितरित की जा चुकी है। पूर्व में भी कई जरूरतमंदों को सहायता दी गई है, जैसे—

  • झुग्गी बस्ती प्रेमनगर की दिव्यांग महिला को बालवाड़ी मरम्मत हेतु ₹1.30 लाख,
  • ग्राम फनार की विधवा नीतू दुर्गादेवी को विद्युत बिल चुकाने हेतु ₹18,000,
  • अनाथ बच्ची अदिति के पिता के बैंक ऋण के लिए ₹50,000,
  • शमीमा को स्वरोजगार हेतु ₹30,000,
  • सरस्वती शिशु मंदिर, भोगपुर को बच्चों के परिवहन हेतु वाहन के लिए ₹5.73 लाख।

डीएम की अपील: सहायता को ‘निवेश’ के रूप में करें प्रयोग

सविन बंसल ने लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे सहायता राशि का उपभोग करने की बजाय इसे निवेश के रूप में उपयोग करें और स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों के अंतराल के बाद रायफल क्लब की बैठक आयोजित की गई, जिसके तहत अनुदान राशि में वृद्धि तथा फंड को सीएसआर गतिविधियों के विस्तार हेतु प्रभावी रूप से प्रयोग में लाने का निर्णय लिया गया।


उपस्थित रहे अधिकारी

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कपिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने ग्राउंड स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान ही असहाय लोगों की पहचान और सहायता में सहायक सिद्ध हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button