
वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 13 जुलाई: अमेरिका में एक किडनैपिंग और टॉर्चर केस में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी पवित्तर सिंह बटाला भी शामिल है। यह गिरफ्तारी अमेरिका के सैन जोकिन काउंटी में की गई है, जहां एफबीआई और लोकल पुलिस की संयुक्त छापेमारी में पूरे गैंग को पकड़ा गया।
पवित्तर बटाला को भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मोस्ट वांटेड घोषित कर रखा है। उसके खिलाफ आतंकवाद और संगठित अपराध से जुड़े कई संगीन मामलों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। अब वह सैन जोकिन काउंटी जेल में बंद है।
FBI और पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन
यह कार्रवाई अमेरिका में चल रही “समर हीट” पहल के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य खतरनाक अपराधियों और गैंग से जुड़े नेटवर्क को खत्म करना है। छापेमारी सैन जोकिन काउंटी की 5 अलग-अलग जगहों पर की गई। गिरफ्तार किए गए बाकी आरोपियों के नाम हैं:
- दिलप्रीत सिंह
- अर्शप्रीत सिंह
- अमृतपाल सिंह
- विशाल
- गुरताज सिंह
- मनप्रीत रंधावा
- सरबजीत सिंह
इन सभी के खिलाफ किडनैपिंग, टॉर्चर, साजिश रचने, गैरकानूनी हिरासत, और संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए हैं।
भारत के लिए अहम कड़ी
पवित्तर बटाला की गिरफ्तारी को भारत के लिए एक कूटनीतिक और खुफिया सफलता माना जा रहा है। एनआईए पहले से ही अमेरिका और इंटरपोल के सहयोग से उसे ढूंढने की कोशिश कर रही थी। अब संभावना जताई जा रही है कि भारत अमेरिका से आतंकी की प्रत्यर्पण प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू करेगा।