
देहरादून – उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में शनिवार सुबह पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। इस गौरवशाली परेड में 419 जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल हुए, जबकि मित्र राष्ट्रों के 32 विदेशी कैडेट्स भी पास आउट हुए। कुल 451 कैडेट्स ने आज IMA से सैन्य जीवन की नई शुरुआत की।
इस बार की परेड की खास बात यह रही कि श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बी.के.जी.एम. लासंथा रोड्रिगो रिव्यूइंग अफसर के रूप में मौजूद रहे। वह स्वयं वर्ष 1990 में IMA के 87वें कोर्स से पास आउट हो चुके हैं। उनका परेड में शामिल होना भारत-श्रीलंका के रक्षा संबंधों को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।
IMA ग्राउंड पर सुबह से ही सैन्य गरिमा, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘प्रथम पग’ लेते ही कैडेट्स सैन्य अधिकारी बन गए। उनके परिजनों और देशवासियों के लिए यह गर्व और भावुकता का क्षण था।
परेड के बाद श्रीलंका सेना प्रमुख ने नव-नियुक्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। IMA की यह परेड न केवल सैन्य प्रशिक्षण की उत्कृष्टता को दर्शाती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग की भी मिसाल पेश करती है।
 
				


