देहरादून, 17 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जॉलीग्रांट एयरपोर्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य, उत्साहपूर्ण एवं गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड पहुंचे।
इस अवसर पर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष श्री मोहित उनियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में राहुल गांधी का आगमन प्रदेश के युवाओं, छात्रों और आमजन के लिए नई ऊर्जा, नई उम्मीद और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश लेकर आया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निरंतर युवाओं के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए देशभर में आवाज़ बुलंद करते रहे हैं।
मोहित उनियाल ने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड के छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं, सुझावों और समस्याओं को सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुँचाने का एक सार्थक एवं सशक्त मंच है। इस संवाद के माध्यम से छात्रों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा तथा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड के युवाओं के मनोबल को नई दिशा देगा और प्रदेश के छात्र-युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काज़ी निजामुद्दीन, जयेंद्र रमोला, ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, शार्दूल नेगी, रेखा कांडपाल सती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
